सोभाबाजार से लौट रहे व्यक्ति से सोने की चेन छीनी, 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार


 एंटी स्नैचिंग टीम की तेज कार्रवाई,आरोपी के पास से छीनी गई सोने की चेन बरामद।


कोलकाता में स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की एंटी स्नैचिंग टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली है।


घटना 8 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे की है। शिकायतकर्ता रामजी तिवारी (41), निवासी राजारहाट मेन रोड, उत्तर 24 परगना, सोभाबाजार क्रॉसिंग के पास से एक चारपहिया वाहन किराए पर लेकर अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में चालक ने वाहन को एक सुनसान गली में मोड़ दिया और तिवारी को गाड़ी से उतरने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गया।


पीड़ित ने 11 फरवरी को उलटादाँगा थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले में केस संख्या 11 ,धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की एंटी स्नैचिंग टीम ने पीड़ित से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर निजी और ट्रैफिक कैमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिससे संदिग्ध वाहन की पहचान हुई।


जांच में सामने आया कि संबंधित वाहन चार बार हाथ बदल चुका था। स्वामित्व के दस्तावेजों की क्रमबद्ध जांच, निगरानी और लगातार प्रयासों के बाद वर्तमान मालिक तक पहुंच बनाई गई, जिससे असली आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा शर्मा (30), के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई।


पुलिस ने वाहन की पहचान से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी तक की पूरी कार्रवाई छह घंटे के भीतर पूरी कर ली।


आरोपी को 12 फरवरी को माननीय अदालत में रिमांड के लिए पेश किया गया।

Previous Post Next Post