कोलकाता:पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के जिलों में ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, शहर में अगले चार दिनों तक कड़ाके की ठंड बनी रहेगी और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मंगलवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे पूरे शहर में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बन गई है।
इन जिलों में कोल्ड वेव अलर्ट
मौसम विभाग ने बीरभूम और पूर्व बर्धमान जिलों के लिए शीत लहर (Cold Wave) का अलर्ट जारी किया है, जो शुक्रवार तकजारी रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला जाए और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक कम रहे, तो उसे शीत लहर माना जाता है।
उत्तर बंगाल में हालात और गंभीर
उत्तर बंगाल के कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में अगले 48 घंटों तक ‘कोल्ड डे’ अलर्ट जारी किया गया है। यहां घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। इसे देखते हुए यात्रियों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
दक्षिण बंगाल में भी ठंड बरकरार
मौसम विभाग के मुताबिक हुगली, नदिया और बीरभूम समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में 12 जनवरी तक ठंड का असर बना रहेगा। ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण ठिठुरन और बढ़ सकती है।
कब मिलेगी राहत?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूरे हफ्ते ठंड का प्रकोप जारी रहेगा, हालांकि शनिवार से धीरे-धीरे तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
लोगों के लिए सलाह
• सुबह और देर रात बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलें
• बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का खास ध्यान रखें
• गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवा से बचाव करें
• कोहरे के कारण वाहन चलाते समय सावधानी बरतें
