कोलकाता:10,जनवरी: कोलकाता साइबर पुलिस ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के नाम पर लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से जुड़े कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
साइबर पुलिस स्टेशन, कोलकाता में दर्ज केस संख्या 02 (दिनांक 07.01.2026) के तहत गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान अहम जानकारियाँ सामने आईं। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर बीते 9 जनवरी को पुरबा जादवपुर थाना क्षेत्र में एक और छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कोलकाता के निताई नगर, जयमातारानी टॉवर स्थित एक फ्लैट के दूसरे माले से गिरोह के सक्रिय सदस्यों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह खुद को सरकारी एजेंसी से जुड़ा बताकर लोगों को पीएम मुद्रा योजना के तहत लोन दिलाने का झांसा देता था और प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेज़ सत्यापन जैसे बहानों से पैसे ठगता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
आमिर खान (32), रथिन सी. डी. (26), मोहम्मद निजामुद्दीन सिद्दीकी (36), विलास शिंदे (44) और मधुसूदन एच. आर. (31)। के रूप में हुई है।ये सभी अलग अलग राज्यों से हैं और महानगर के एक फ्लैट से धोका दरी का काम कर रहे थे इन आरोपियों में 4 कर्नाटक से और एक बिहार से है
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 6 कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी की वारदातों को अंजाम देने में किया जा रहा था। ज़ब्त किए गए मोबाइल फोनों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे और भी पीड़ितों व लेन-देन की जानकारी सामने आने की संभावना है।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में रखा गया है और उन्हें संबंधित धाराओं के तहत माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश के जांच में जुटी है।
