सरसुन थाना क्षेत्र में 1.5 करोड़ की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, सोना-नकदी बरामद


 

कोलकाता के सरसुन थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। डायमंड सिटी वेस्ट स्थित एक आवास से करीब 1.5 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।


मामला सरसुन थाना डीडी सी/नंबर-19, दिनांक 24.01.2026, धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, 19 जनवरी से 23 जनवरी 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने घर से महंगे सोने के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।


जांच में बड़ा खुलासा


जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया, जिसमें आशंका जताई गई कि चोरी किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति द्वारा की गई हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने परिसर और आसपास लगे 135 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।


फुटेज और सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) एनालिसिस के मिलान के बाद हर्षवर्धन शॉ नामक संदिग्ध पर शक गहराया। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी ने 22 जनवरी 2026 को अमेज़न से एक मनी काउंटिंग मशीन खरीदी थी, साथ ही उसके मोबाइल डेटा से यह भी पता चला कि उसने इंटरनेट पर इलेक्ट्रिक आरी सर्च की थी।


कबूलनामा और बरामदगी


कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरे सोने के आभूषण और नकदी का बड़ा हिस्सा बरामद कर जब्त कर लिया है। शेष नकदी की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


फिलहाल आरोपी 8 फरवरी 2026 तक पुलिस हिरासत (PC) में है और मामले की आगे की जांच जारी है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क जांच का नतीजा है, जिससे इतनी बड़ी चोरी का पर्दाफाश संभव हो सका।

Previous Post Next Post