महानगर में बंद फ्लैट से ₹1.5 करोड़ की सनसनीखेज चोरी आरोपी गिरफ्तार


 टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देने वाला 19 वर्षीय टेक-सेवी चोर पकड़ा गया 

कोलकाता | न्यूज़ डेस्क: कोलकाता पुलिस ने शहर के बेहाला स्थित सरसूना इलाके में एक बंद फ्लैट से करीब ₹1.5 करोड़ की चोरीके मामले का खुलासा करते हुए एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हर्षबर्धन शॉ के रूप में हुई है, जो उसी रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में रहता था जहां यह वारदात हुई।


यह चोरी 21 जनवरी को एक पॉश हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में उस समय अंजाम दी गई, जब फ्लैट मालिक शहर से बाहर थे। चोरी गए सामान में बड़ी मात्रा में सोने के गहने और नकद राशि शामिल है।


पीछे की ग्रिल काटकर फ्लैट में घुसा चोर


पुलिस जांच में सामने आया कि चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट की पीछे की लोहे की ग्रिल को बेहद सफाई और प्रोफेशनल तरीके से काटा गया था। इतना ही नहीं, फ्लैट के अंदर मौजूद अलमारियों को भी काटकर कीमती सामान निकाला गया, जिससे साफ संकेत मिलता है कि चोरी पूरी पूर्व-योजना और सटीक जानकारी के साथ की गई थी।


जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को यह पूरी जानकारी थी कि फ्लैट कब खाली रहेगा और कीमती सामान कहां रखा गया है।


एंटी-बर्गलरी स्क्वाड ने संभाली जांच


मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की एंटी-बर्गलरी स्क्वाड को सौंपी गई। पुलिस ने हाउसिंग कॉम्प्लेक्स और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, साथ ही टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया।


इसी दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता चौथी मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी पहली मंजिल का निवासी है, जिससे उसे फ्लैट और परिवार की दिनचर्या की अच्छी जानकारी थी।


ऑनलाइन रिसर्च कर खरीदे औजार


पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए अत्याधुनिक औजार बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने ऑनलाइन रिसर्च के बाद ऐसे इलेक्ट्रिक कटर खरीदे थे, जिनसे लोहे की ग्रिल और अलमारियां आसानी से काटी जा सकें।


इतना ही नहीं, बड़ी रकम मिलने की उम्मीद में आरोपी ने पहले से ही नकदी गिनने की मशीन भी ऑनलाइन ऑर्डर कर रखी थी, जो उसकी तैयारी और अपराध की गंभीरता को दर्शाती है।


जुर्म कबूल, बरामदगी जारी


पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अब तक चोरी गए सभी गहनों और नकद राशि का एक बड़ा हिस्सा बरामद किया जा चुका है, जबकि शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।


फिलहाल आरोपी को पुलिस हिरासत में रखा गया है और यह जांच की जा रही है कि क्या उसने इससे पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया था या कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल था।

Previous Post Next Post