कोलकाता के पार्क स्ट्रीट थाना अंतर्गत एक बड़े ठगी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। डीडी की बीएफएस शाखा की विशेष रिपोर्ट के अनुसार, बीमा पॉलिसी का बकाया पैसा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 16 लाख रुपये की ठगी की गई।
दक्षिण 24 परगना के निवासी प्रोसेनजीत नस्कर, ने इस संबंध में पार्क स्ट्रीट थाना में मामला दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने खुद को भुनिया कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि बताते हुए उनसे संपर्क किया और उनकी मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की लैप्स पॉलिसियों का पैसा वापस दिलाने का भरोसा दिया।
वर्ष 2023 से जुलाई 2025 के बीच आरोपियों ने जाली और फर्जी दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया और अलग-अलग बैंक खातों के साथ-साथ नकद रूप में कुल 16 लाख रुपये ऐंठ लिए।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता को दिए गए सभी फर्जी दस्तावेज जब्त किए और जिन बैंक खातों में पैसा भेजा गया था, उनकी जानकारी जुटाई। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 15 दिसंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुब्रत डे उर्फ राहुल श्रीवास्तव (25) और टापू होरे उर्फ आशीम घोष (36) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों ने अलग-अलग नामों से फोन कर खुद को कंसल्टेंसी कंपनी का प्रतिनिधि बताया और व्हाट्सऐप के जरिए फर्जी दस्तावेज भेजे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की भूमिका सीधे तौर पर ठगी में पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोलकाता की अदालत में पुलिस हिरासत की मांग के साथ पेश किया गया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और ठगी की रकम की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
Tags:
crime
