कोलकाता के जोरासांको थाना अंतर्गत दर्ज एक चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीडी (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट) की वॉच सेक्शन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में हुई चोरी के मामले का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए लगभग 268 ग्राम सोने के गहनों को पूरी तरह सुरक्षित हालत में बरामद कर लिया है।
मामले के अनुसार, दिनांक 11 दिसंबर को दोपहर 2:45 बजे से 3:30 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने बस में सफर कर रही महिला से सोने के गहने चुरा लिए। शिकायतकर्ता रीना पाटोदिया (50 वर्ष), जो अपने पति के साथ बस रूट नंबर 219/1 से श्यामबाजार से सीआर एवेन्यू स्थित राम मंदिर जा रही थीं, के जूट बैग से यह चोरी की गई।
चोरी किए गए गहनों में एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की अंगूठी और 11 पीस सोने की चूड़ियांशामिल थीं, जिनका कुल वजन लगभग 268 ग्राम बताया गया है। इस संबंध में जोरासांको थाना में केस नंबर 215/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर 12 दिसंबर को दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधा माली (35 वर्ष) और ज्योति सोलंकी (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तरपाड़ा थाना क्षेत्र के कोन्ननगर, हुगली जिले की रहने वाली हैं।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी सोने के गहनों को बरामद कर जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद गहने इसी मामले से संबंधित हैं।
गिरफ्तार दोनों महिला आरोपियों को 20 दिसंबर को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
शहर में सार्वजनिक परिवहन में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और त्वरित जांच का उदाहरण मानीजा रही है।
