कोलकाता के बालीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत क्वींस पार्क इलाके में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीडी की एबीएस शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में फरार महिला आरोपी को दार्जिलिंग से गिरफ्तार कर लिया है और चोरी किए गए गहनों का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 दिसंबर की सुबह से पहले किसी समय एफआईआर में नामजद आरोपी रत्ना शंकर उर्फ रत्ना ने बालीगंज थाना क्षेत्र के 6/1/2, क्वींस पार्क, स्थित एक आवास से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए सोने और हीरे के विभिन्न गहनों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में 11 दिसंबर को बालीगंज थाना में केस नंबर 191/25, धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच के बाद मामले की जांच का जिम्मा डीडी की एंटी बर्गलरी सेक्शन (एबीएस ) को सौंपा गया।
तकनीकी निगरानी के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला अपने मूल निवास दार्जिलिंगफरार हो गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दार्जिलिंग में छापेमारी की, जहां से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए गहनों का अधिकांश हिस्सा बरामद कर लिया गया है। शेष गहनों की बरामदगी के लिए पुलिस द्वारा प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार आरोपी महिला को ट्रांजिट रिमांड के लिए कल स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
