शुक्रवार रात युवती को जबरन कार में ले जाकर की गई छेड़छाड़ रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
कोलकाता | न्यूज़ डेस्क:कस्बा थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला कस्बा पी.एस. कांड संख्या 81, दिनांक 14/02/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3)/74/115(2)/3(5) में दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात कस्बा के जहाज़बाड़ी इलाके के पास से एक युवती को कुछ युवकों ने जबरन कार में बैठा लिया। आरोप है कि कार के भीतर उसके साथ छेड़छाड़ की गई और बाद में उसे कालीकापुर क्षेत्र में वाहन से उतारकर आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर कस्बा थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने 133, कालीकापुर मेन रोड स्थित एक एयरबीएनबी अपार्टमेंट में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिंह (21), राहुल शॉ (21) और आदित्य गिरी (21) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में दो अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। जांच अधिकारी सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ऐसी घटनाएं महानगर में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं।
